चंडीगढ़: यूटी पुलिस के साइबर क्राइम थाने ने क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दिल्ली के उत्तम नगर में एक किराये के मकान पर छापा मारकर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं खुद को बैंक अधिकारी बताकर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देती थीं और लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम देती थीं।
1.92 लाख रुपये की ठगी का मामला
यह कार्रवाई एसपी साइबर गीतांजलि खंडेलवाल के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, 30 जून को साइबर क्राइम थाने में एक शिकायत दर्ज की गई थी। पीड़ित ने बताया कि एसबीआई (SBI) क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर उससे ओटीपी (OTP), सीवीवी (CVV) और अन्य गोपनीय डेटा ले लिया गया, जिसके तुरंत बाद उसके कार्ड से 1.92 लाख रुपये का फर्जी ट्रांजेक्शन कर दिया गया।
डेटा मुहैया कराता था साथी, पुलिस की छापेमारी जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं।
-
तरीका-ए-वारदात: पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का एक अन्य साथी इन महिलाओं को आम लोगों का डेटा उपलब्ध कराता था, जिसके बाद वे फोन कर ठगी करती थीं।
-
वर्तमान स्थिति: गिरफ्तार की गई महिलाओं में से एक को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दूसरी महिला पुलिस रिमांड पर है।
पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों और मुख्य सरगना की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
साइबर सुरक्षा टिप: बैंक या कोई भी वित्तीय संस्थान कभी भी फोन पर आपसे OTP, CVV या पिन (PIN) नहीं मांगता। ऐसी कॉल आने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।


