जालंधर। जालंधर के जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी की टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। घायल आरोपी की पहचान तरनतारन निवासी सुखजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर में एक शोरूम पर फायरिंग करने की फिराक में था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार किया।
हथियार बरामद करने पहुंची थी पुलिस
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के मुताबिक, आरोपियों ने पिछले शनिवार को एक शोरूम पर फायरिंग करने की योजना बनाई थी। हालांकि, शोरूम मालिक को किसी तरह की धमकी भरी कॉल नहीं मिली थी। पुलिस टीम ने मामले की जांच कर वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि तरनतारन के काका कंडियाला गांव से दो युवक जालंधर आए थे और वारदात को अंजाम देने की कोशिश में थे। पुलिस के मुताबिक, सुखजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस और सहजदीप ने वारदात के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार को जमशेर में छिपा दिया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी सुखजिंदर को हथियार की बरामदगी के लिए जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर पहुंची। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
बदमाश की फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों तरफ से करीब तीन राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सुखजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस की टांग में गोली लगी और वह घायल हो गया।
मौके से गोली का एक खोल भी बरामद किया गया है। घायल आरोपी को पुलिस की निगरानी में उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
महिला समेत 2 गिरफ्तार, तीसरे आरोपी की तलाश
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में सहजदीप को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में सामने आया कि सहजदीप ने शोरूम पर फायरिंग करने की कोशिश की थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के गांव का रहने वाला जशनप्रीत भी इस पूरी साजिश में शामिल था। हालांकि, वारदात के समय वह उनके साथ नहीं आया था। पुलिस का कहना है कि तीनों ने मिलकर वारदात की योजना बनाई थी और जशनप्रीत को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
वहीं, पुलिस ने जशनप्रीत की मां को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उसे अपने बेटे द्वारा रची गई साजिश की जानकारी थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है।


