Punjab Desk: जालंधर के फिल्लौर क्षेत्र के गांव भैणी निवासी 30 वर्षीय राकेश कुमार के विदेश जाने के सपने को लेकर परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का आरोप है कि इटली भेजने के नाम पर ट्रैवल एजेंटों ने पहले उसे केन्या भेजा, जहां एक आपराधिक गिरोह ने उसका कथित तौर पर अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने युवक की पिटाई का वीडियो परिवार को व्हाट्सएप पर भेजकर उसकी रिहाई के बदले 70 हजार डॉलर यानी करीब 58 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
परिवार के मुताबिक, राकेश को इटली भेजने के लिए उन्होंने एजेंट परमजीत सिंह और उसकी महिला सहयोगी से संपर्क किया था। दोनों ने 9.50 लाख रुपये में उसे इटली भेजने का सौदा तय किया। परिवार ने दो लाख रुपये एडवांस के तौर पर महिला एजेंट के भाई को दिए थे, जबकि बाकी रकम इटली पहुंचने के बाद देने की बात कही गई थी।
एजेंटों ने परिवार को बताया था कि राकेश को पहले केन्या भेजा जाएगा और वहां से उसकी इटली की फ्लाइट करवाई जाएगी। इसी के तहत 5 अगस्त को राकेश जयपुर से दुबई होते हुए केन्या पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद एक गिरोह ने राकेश और उसके साथ मौजूद दो अन्य पंजाबी युवकों को बंधक बना लिया।
परिजनों का कहना है कि 6 अगस्त को अपहरणकर्ताओं ने राकेश के साथ मारपीट की और इसका वीडियो व्हाट्सएप के जरिए परिवार को भेजा। इसके बाद फोन कर पांच घंटे के भीतर 70 हजार डॉलर की रकम देने की धमकी दी गई।
परिवार के अनुसार, खुद को ‘खान बाबा’ बताने वाला व्यक्ति उनसे संपर्क कर रहा है। उसने पहले पंजाबी में बातचीत की और बाद में अंग्रेजी में मैसेज भेजे। कथित आरोपी ने दावा किया कि राकेश फिलहाल युगांडा में उसकी कस्टडी में है। उसने यह भी कहा कि उसका एजेंट परमजीत सिंह के साथ पैसों को लेकर विवाद है और रकम मिलने के बाद ही राकेश को छोड़ा जाएगा।
परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद एजेंट परमजीत सिंह उनके फोन नहीं उठा रहा है। परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई और राकेश की सुरक्षित भारत वापसी की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलने पर आम आदमी पार्टी के फिल्लौर हलका के पूर्व प्रभारी प्रिंसिपल प्रेम कुमार भी पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन और सरकार के सहयोग से युवक की सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जाएंगे तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल परिवार राकेश की सुरक्षित वापसी को लेकर चिंतित है और प्रशासन से जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर युवक को विदेश से सुरक्षित भारत लाने की मांग कर रहा है।


