Punjab Desk: पंजाब के कपूरथला स्थित ऐतिहासिक माता श्री भद्रकाली मंदिर के बाहर एक महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। महिला अपनी गोद में बच्चे को लेकर मंदिर के बाहर बैठी थी, तभी एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति महिला को चप्पलों से पीटता नजर आ रहा है। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर पैर से भी हमला किया।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी की मंदिर के सामने दुकान है। बताया जा रहा है कि महिला के साथ मौजूद बच्चों ने कथित तौर पर आरोपी की बाइक के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद वह गुस्से में आ गया और महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि, महिला की ओर से अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद महिला आयोग और ह्यूमन राइट्स कोर कमेटी ने मामले में कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर सुओ-मोटो कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।
डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच में वीडियो में महिला के साथ मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान विकास शर्मा पुत्र पवन कुमार, निवासी शेखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


