Punjab Desk: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बादल अपने परिवार के साथ गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान निहंग के भेष में पहुंचे एक व्यक्ति ने उन पर कृपाण से वार कर दिया।
हमले में सुखबीर सिंह बादल के बाएं हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी के भी घायल होने की जानकारी है।
बहस के बाद किया हमला
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर बहस के दौरान आरोपी ने सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे कुछ महसूस हुआ, जिसके चलते उसने हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस उसके इस बयान से संतुष्ट नहीं है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि हमले के पीछे कोई अन्य वजह भी हो सकती है। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुका है हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले भी हमला करने की कोशिश हो चुकी है। दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के बाहर उन पर गोली चलाने की कोशिश की गई थी। उस समय बादल अकाल तख्त साहिब द्वारा सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत सेवा कर रहे थे।
घटना के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया था और गोली सुखबीर बादल को नहीं लगी थी। आरोपी की पहचान नारायण सिंह चौड़ा के रूप में हुई थी।


