जालंधर: जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बुधवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला। आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज रह चुके और विधानसभा चुनाव दो बार लड़ चुके दिनेश ढल्ल ने आम आदमी पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। पंजाब भाजपा के प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया।
भाजपा में शामिल होने से पहले दिनेश ढल्ल ने होटल रेडिसन में पंजाब भाजपा प्रधान से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने भाजपा में शामिल होने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया गया।
दिनेश ढल्ल के भाजपा में शामिल होते ही जालंधर की सियासत में नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। खासकर जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को लेकर भी राजनीतिक अटकलें शुरू हो गई हैं। सियासी हलकों में चर्चा है कि रमन अरोड़ा भी भाजपा का रुख कर सकते हैं। हालांकि, रमन अरोड़ा की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की गई है।
विनीत धीर को हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद बढ़ी थी नाराजगी
दरअसल, जालंधर सेंट्रल से मेयर विनीत धीर को आम आदमी पार्टी की ओर से हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद से ही दिनेश ढल्ल के पार्टी से नाराज चलने की चर्चाएं सामने आने लगी थीं। हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी से हटाए जाने के बाद एक इंटरव्यू में दिनेश ढल्ल ने संकेत दिया था कि समय आने पर उनके अगले राजनीतिक कदम का पता चल जाएगा।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस के साथ उनके पुराने राजनीतिक मतभेदों को देखते हुए कांग्रेस में जाने की संभावना कम मानी जा रही थी। ऐसे में भाजपा उनके लिए प्रमुख राजनीतिक विकल्प के तौर पर सामने आई।
एक दिन पहले AAP ने 13 विपक्षी कार्यकर्ताओं को जोड़ा था
दिलचस्प बात यह है कि दिनेश ढल्ल के भाजपा में शामिल होने से ठीक एक दिन पहले आम आदमी पार्टी ने जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल से जुड़े 13 कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कराया था।
AAP की ओर से दावा किया गया था कि भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल के साथ लंबे समय से जुड़े कई प्रमुख लोगों और परिवारों ने अपनी पुरानी पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा है। यह जॉइनिंग पंजाब के मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन की अगुवाई और हलका इंचार्ज एवं मेयर विनीत धीर के दिशा-निर्देशों में कराई गई थी।
अब इसके अगले ही दिन दिनेश ढल्ल के भाजपा में शामिल होने से जालंधर की सियासत में सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


