जालंधर। बस्ती शेख इलाके में छठवीं पातशाही गुरुद्वारा साहिब के बाहर बारिश के बाद हुए जलभराव के बीच बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे लगे लोहे के बिजली खंभे में करंट उतरने से एक घोड़े की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय वहां मौजूद कुछ बच्चे भी करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो गया था। इसी दौरान लोहे के बिजली खंभे में करंट प्रवाहित हो रहा था। घोड़ा जब खंभे के पास से गुजरा तो उसकी लोहे की नाल पानी के संपर्क में आ गई। करंट लगते ही घोड़ा सड़क पर गिरकर तड़पने लगा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
054c00cc-2ccb-40f0-bf36-21daa71e1f59
घास लेकर लौट रहा था घोड़ा मालिक
बताया जा रहा है कि घोड़े का मालिक घास काटकर अपने घोड़े के साथ घर लौट रहा था। उसके साथ उसका भांजा और कुछ अन्य बच्चे भी मौजूद थे। घोड़ा करंट की चपेट में आया तो उसके भांजे को भी बिजली का झटका लगा, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद घोड़े के मालिक का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसका कहना था कि उसने काफी मेहनत और पैसे लगाकर घोड़ा खरीदा था और इसी के जरिए वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घोड़े की मौत से उसकी आजीविका पर भी संकट खड़ा हो गया है।
लोगों ने बिजली विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि खंभे में करंट होने की जानकारी आसपास के लोगों को पहले से थी और वे वहां से गुजरने वालों को सावधान भी कर रहे थे। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आज हादसे में एक बेजुबान जानवर की जान गई है। यदि समय रहते खतरनाक बिजली खंभों और तारों को ठीक नहीं किया गया तो भविष्य में किसी इंसान के साथ भी गंभीर हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने, खतरनाक खंभों की जांच कराने और मृत घोड़े के मालिक को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है।


