जालंधर: लंबा पिंड चौक के पास इंडस्ट्री एरिया में मंगलवार देर रात एक बिस्कुट और नमकीन बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें फैक्ट्री से बाहर निकलती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। राहत की बात रही कि हादसे में फैक्ट्री मालिक और उनका परिवार सुरक्षित बच गए।
फैक्ट्री एक रिहायशी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित हो रही थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर फैक्ट्री मालिक का परिवार रहता है। तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को लगाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया।
धुआं देखकर फैक्ट्री मालिक को हुई जानकारी
फैक्ट्री मालिक तुलसी राम ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से लंबा पिंड चौक के पास इंडस्ट्री एरिया में बिस्कुट और नमकीन की फैक्ट्री चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह परिवार के साथ ऊपरी मंजिल पर रहते हैं।
तुलसी राम के अनुसार, देर रात वह ऊपर सो रहे थे, तभी उन्हें नीचे से धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हादसे में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का स्टॉक और अन्य सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है।
तीन दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम को लंबा पिंड चौक के नजदीक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए तीन फायर टेंडरों की मदद लेनी पड़ी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन फैक्ट्री मालिक द्वारा किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


