जालंधर: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने यूट्यूबर मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शाकर को विदेशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही और जांच के दौरान कुल पांच पिस्तौल बरामद किए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शाकर के साथी दिलप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में दिलप्रीत ने कथित तौर पर बताया कि वह पिस्तौल लुधियाना के मेहर सिंह उर्फ प्रिंस से लेकर आया था।
इसके बाद पुलिस ने मेहर सिंह उर्फ प्रिंस को भी मामले में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये पिस्तौल कहां से लाई गई थीं, इन्हें किससे हासिल किया गया और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।


