जालंधर: पंजाब में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में चुनाव आयोग की एक अधिकारी आज जालंधर के डिप्टी कमिश्नर (DC) कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों और मशीनों की जांच से जुड़ी FLC प्रक्रिया का जायजा लिया।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब सरकार ने हाल ही में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसके साथ ही छह जिलों में नए डिप्टी कमिश्नरों की नियुक्ति भी की गई है।
चुनाव आयोग की अधिकारी के दौरे को देखते हुए DC कार्यालय में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बैठक के दौरान FLC (First Level Checking) प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार प्रत्येक सेंटर पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ADC ने बताया कि जिले में FLC की प्रक्रिया जारी है और आयोग की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनके साथ चुनाव आयोग की अधिकारी ने बातचीत की।
वहीं, अधिकारी की ओर से चुनावी मशीनों की जांच भी की गई। जांच के बाद तैयार की गई रिपोर्ट को सीलबंद लिफाफे में चुनाव आयोग को भेजा जा रहा है।


