जींद: हरियाणा स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (SV & ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट जीएसटी के ETO द्वेश साहू और निजी चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) अजय शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की है। विजिलेंस टीम ने CA अजय शर्मा को ETO के लिए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
75.29 लाख रुपये के टैक्स नोटिस से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की फर्म मेसर्स अमन लेथलैंड, जींद को करीब 75.29 लाख रुपये का टैक्स नोटिस जारी किया गया था। आरोप है कि इस नोटिस पर कार्रवाई न करने के बदले ETO द्वेश साहू ने शिकायतकर्ता से 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
CA के जरिए मांगी गई रिश्वत
आरोप के मुताबिक, ETO ने रिश्वत की रकम अपने सहयोगी निजी CA अजय शर्मा के माध्यम से लेने की व्यवस्था की थी। शिकायत मिलने के बाद SV & ACB की जींद यूनिट ने मामले का सत्यापन किया और रिश्वतखोरी का पर्दाफाश करने के लिए ट्रैप टीम गठित की।
3 लाख रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा
विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर CA अजय शर्मा को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और 7ए के तहत थाना SV & ACB, करनाल में FIR नंबर 24 दर्ज की गई है।
विजिलेंस ब्यूरो के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ब्यूरो की नीति पूरी तरह ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


