HomePunjabदर्दनाक हादसा: गलत दिशा से आ रही PRTC बस ने बाइक को...

दर्दनाक हादसा: गलत दिशा से आ रही PRTC बस ने बाइक को मारी टक्कर, किशोर की मौके पर मौत

बठिंडा। बठिंडा-मलोट रोड पर बल्लुआणा टोल प्लाजा के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। आरोप है कि गलत दिशा में आ रही सरकारी PRTC बस ने सामने से आ रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान गांव करमगढ़ सत्तरा निवासी सुखमनदीप सिंह (पुत्र राम कृष्ण) के रूप में हुई है।

ट्यूशन से घर लौट रहा था सुखमनदीप

जानकारी के मुताबिक, सुखमनदीप सिंह सोमवार को बल्लुआणा में ट्यूशन पढ़ने गया था। छुट्टी होने के बाद वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव करमगढ़ सत्तरा लौट रहा था। इसी दौरान बल्लुआणा टोल प्लाजा के नजदीक सामने से गलत दिशा में आ रही PRTC बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुखमनदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे के बाद बस लेकर फरार हुआ चालक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हादसे के बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चालक बठिंडा की ओर जाने के बजाय गांवों के रास्ते बस लेकर वापस मलोट पहुंच गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बस चालक का पीछा किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों और बस चालक की लापरवाही के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

फौजी पिता ने पढ़ाई के लिए भेजा था बेटा, घर पहुंची मौत की खबर

इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। सुखमनदीप के पिता भारतीय सेना में तैनात हैं और देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने अपने बेटे को बेहतर भविष्य और पढ़ाई के लिए ट्यूशन भेजा था, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर लौटते समय उनके बेटे के साथ ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा।

जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे के घर लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे के बाद परिवार का दर्द देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments