जालंधर। बस स्टैंड फ्लाईओवर पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले स्पीड रिकॉर्ड्स कंपनी के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख का अंतिम संस्कार मंगलवार, 3 नवंबर को किया जाएगा। मॉडल टाउन श्मशानघाट में दोपहर 1 बजे दिवित को अंतिम विदाई दी जाएगी
परिवार के अनुसार, दिवित का भाई मनन विदेश में रहता है। उसके जालंधर पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया गया। दिवित की असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, इस दुखद खबर के बाद पंजाबी संगीत जगत की कई बड़ी हस्तियां दिनेश औलख और उनके परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंच रही हैं।
हनी सिंह ने गले लगाकर संभाला, फूट-फूटकर रोए दिनेश औलख
सोमवार को मशहूर सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह दिवित औलख के घर पहुंचे। उन्होंने दिनेश औलख और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान बेटे को खोने के गम में टूट चुके दिनेश औलख हनी सिंह के गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे। हनी सिंह ने उन्हें संभालने की कोशिश की और इस मुश्किल घड़ी में परिवार को हिम्मत रखने का भरोसा दिलाया। पिता का यह दर्दनाक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
परमीश वर्मा और रेशम सिंह अनमोल भी पहुंचे
दिवित औलख के निधन से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई कलाकार परिवार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। पंजाबी गायक परमीश वर्मा ने भी दिनेश औलख के घर पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना जताई।
इसके अलावा गायक रेशम सिंह अनमोल भी परिवार से मिलने पहुंचे और इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया। संगीत जगत से जुड़े कलाकारों की लगातार हो रही मुलाकातों से परिवार को इस कठिन समय में सांत्वना देने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे में दिवित और उनके दोस्त आरव तलवाड़ की हुई थी मौत
गौरतलब है कि रविवार को जालंधर में पुलिस लाइन फ्लाईओवर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दिवित औलख और उनके दोस्त आरव तलवाड़ की जान चली गई थी। इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
दिवित की मौत की खबर सामने आने के बाद से ही शहर में शोक का माहौल है। अब मंगलवार को मॉडल टाउन श्मशानघाट में उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।


