भिवानी। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और आपदा के बीच हरियाणा के भिवानी की रहने वाली डॉक्टर प्रियंका चौधरी के लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। प्रियंका फिनलैंड से करीब 70 डॉक्टरों की टीम के साथ नेपाल घूमने गई थीं। परिवार के मुताबिक, उनसे आखिरी बार 25 अगस्त की रात करीब 10 बजे वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। इसके करीब एक घंटे बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और तब से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।
परिजनों के अनुसार, प्रियंका की 26 अगस्त को भारत लौटने की टिकट थी। परिवार को उम्मीद थी कि नेपाल यात्रा पूरी करने के बाद वह रक्षाबंधन के मौके पर घर पहुंचेंगी। इसी बीच नेपाल-चीन सीमा के आसपास बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की खबरों ने परिवार की चिंता बढ़ा दी।
प्रियंका के पिता रमेश ओला ने बताया कि 25 अगस्त की रात करीब 10 बजे परिवार की उनसे वीडियो कॉल पर बात हुई थी। प्रियंका ने बताया था कि वह अपनी टीम के साथ नेपाल-चीन सीमा के पास एक होटल में ठहरी हुई हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने यात्रा के ठीक चलने की जानकारी दी थी और 26 अगस्त को भारत लौटने के बाद रक्षाबंधन पर परिवार के साथ समय बिताने की बात कही थी।
परिवार के मुताबिक, वीडियो कॉल खत्म होने के करीब एक घंटे बाद जब उन्होंने प्रियंका से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो फोन आउट ऑफ रेंज आने लगा। शुरुआत में परिजनों ने इसे नेटवर्क या मोबाइल की बैटरी से जुड़ी सामान्य समस्या माना, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद संपर्क नहीं हो सका।
नेपाल में बाढ़ और तबाही की खबरें सामने आने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। परिजन प्रियंका के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं और उनकी तलाश को लेकर संबंधित स्तर पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।


