बरवाला। वार्ड नंबर-16 स्थित काली देवी मंदिर के पास गुरुवार देर रात साइड देने को लेकर हुए विवाद में कार सवार पांच युवकों ने एक बाइक सवार युवक पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। जान बचाने के लिए वह पास के एक मकान में घुस गया। घटना के बाद आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-17 निवासी पवन पुत्र दलबीर रात करीब 11 बजे बाइक से जा रहा था। इसी दौरान काले रंग की स्विफ्ट कार में सवार पांच अज्ञात युवकों से साइड देने को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कार सवार युवक कार से बाहर निकले और पवन पर डंडों से हमला कर दिया।
हमले में पवन की कमर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। उसने किसी तरह वहां से भागकर पास के एक मकान में घुसकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी कार छोड़कर फरार हो चुके थे। पुलिस ने हिसार से क्रेन मंगवाकर स्विफ्ट कार को कब्जे में लिया और बरवाला थाना पहुंचाया।
जांच अधिकारी एएसआई कुलबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस कार के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


