चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में हालिया संगठनात्मक बदलाव के बाद आज का दिन पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट पहली बार पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम बैठक में शामिल होंगे।
नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों, प्रभारियों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
पंजाब कांग्रेस के लिए यह बैठक इसलिए भी अहम है, क्योंकि दो दिन पहले ही पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने पंजाब में नेतृत्व का नया समीकरण तैयार किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि आज की बैठक में पंजाब कांग्रेस की आगामी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और पार्टी को चुनावी स्तर पर तैयार करने को लेकर चर्चा हो सकती है।
परगट सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी शीर्ष नेतृत्व के साथ पहली महत्वपूर्ण बैठक होगी। वहीं, पंजाब प्रभारी के तौर पर सचिन पायलट भी उनके साथ पहली बार इस स्तर की बैठक में शामिल होंगे। ऐसे में पंजाब कांग्रेस की आगे की दिशा और संगठनात्मक रणनीति को लेकर इस बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं।


