HomePunjabपंजाब की 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी BJP, केवल सिंह ढिल्लों...

पंजाब की 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी BJP, केवल सिंह ढिल्लों का बड़ा ऐलान

लुधियाना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि पार्टी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

रविवार को लुधियाना के एमबीडी मॉल में आयोजित ‘जागरण फिल्म फेस्टिवल’ में पहुंचे केवल सिंह ढिल्लों ने दावा किया कि आगामी चुनाव में पंजाब में भाजपा के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंजाब को नशे, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार से मुक्त कर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।

ढिल्लों ने कहा कि आज पंजाब का हर वर्ग परेशान है और लोग बदलाव का मन बना चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता सत्ता परिवर्तन के लिए भाजपा का समर्थन करेगी।

नशे के खिलाफ यात्रा में 3,970 किलोमीटर का सफर

भाजपा नेता ने बताया कि पार्टी की ओर से नशे के खिलाफ निकाली गई यात्रा के दौरान करीब 3,970 किलोमीटर का सफर तय किया गया। इस दौरान गांवों और शहरों में लोगों से सीधे संपर्क किया गया और नशे की समस्या को लेकर उनकी परेशानियां सुनी गईं।

ढिल्लों ने कहा कि यात्रा के दौरान उन परिवारों का दर्द भी करीब से देखने को मिला, जिन्होंने नशे के कारण अपने बेटे खो दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि पंजाब के लोग नशे की समस्या को लेकर बेहद चिंतित हैं।

उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले नशे को खत्म करने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया।

‘चिट्टा और कनाडा’ को बताया पंजाब की बड़ी समस्या

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को दो ‘सी’ ने बर्बाद किया है—पहला ‘चिट्टा’ यानी नशा और दूसरा ‘कनाडा’ यानी विदेशों की ओर बढ़ता पलायन। उन्होंने कहा कि नशे ने पंजाब की युवा पीढ़ी को प्रभावित किया है, जबकि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण पढ़े-लिखे युवा बेहतर भविष्य की तलाश में विदेश जा रहे हैं।

परगट सिंह को दी बधाई, कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह को लेकर ढिल्लों ने कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं और नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बधाई देते हैं। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में अंदरूनी खींचतान कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने संगठन के भीतर एकजुटता कायम करने की जरूरत है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments