HomePunjabपंजाब-चंडीगढ़ में मार्च में ही मई-जून जैसी तपिश, 33 डिग्री के पार...

पंजाब-चंडीगढ़ में मार्च में ही मई-जून जैसी तपिश, 33 डिग्री के पार पहुंचा पारा; जानें अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में मार्च के महीने में ही लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और मौसम पूरी तरह से ड्राई हो गया है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत अधिकतम तापमान में हालांकि 0.3 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। सबसे ज्यादा गर्मी पटियाला में महसूस की जा रही है, जहां पारा 33.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 मार्च तक मौसम पूरी तरह खुश्क रहेगा और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, न ही विभाग की तरफ से कोई विशेष अलर्ट जारी किया गया है।

फरवरी के आखिरी दिनों से ही तेज धूप खिलने और पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के कारण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि राज्य के सभी प्रमुख शहरों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर चुका है। पटियाला में सबसे अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान के मुकाबले काफी ज्यादा है। इसके अलावा फिरोजपुर में 33.0 डिग्री, लुधियाना में 32.8 डिग्री और अमृतसर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के साथ-साथ रातों में भी गर्माहट महसूस होने लगी है। बठिंडा में रात का न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

इस बार मार्च की शुरुआत से ही बादलों ने किसानों और आम लोगों को पूरी तरह से निराश किया है। 1 मार्च से 6 मार्च 2026 तक पूरे पंजाब में बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी है। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और पठानकोट जैसे तमाम जिलों में सूखे जैसे ही हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस अवधि के दौरान पंजाब में आमतौर पर करीब 6.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जाती है। लेकिन इस बार बारिश का आंकड़ा शून्य रहने के कारण यह सामान्य से 100 फीसदी कम दर्ज की गई है।

गर्मी से बेहाल लोगों को फिलहाल कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, राज्य में आने वाले दिनों में भी मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने के आसार हैं। अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई भी बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, जिससे गर्मी और उमस का प्रकोप जारी रहेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि 5 दिनों के बाद के 2 दिनों में तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे तपिश से मामूली राहत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments