चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने मोगा में बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और मैगजीन सहित 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस साजिश का मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल है, जो फिलहाल यूनाइटेड किंगडम (यूके) में मौजूद है और उस पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
जांच के अनुसार, आरोपी मोगा के सदर थाना पर ग्रेनेड हमला करने की साजिश में शामिल थे। इसके अलावा फिरोजपुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में IED लगाने की भी योजना बनाई गई थी। इस संबंध में मोगा के सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
इसी बीच पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर और संगठित अपराध पर शिकंजा कसने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन (93946-93946) शुरू की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वांछित अपराधियों से जुड़ी किसी भी जानकारी को इस नंबर पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने यह भी घोषणा की है कि गैंगस्टरों की गिरफ्तारी में मददगार साबित होने वाली पुख्ता सूचना देने वालों को 10 लाख रुपये तक का नकद इनाम दिया जाएगा।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में आतंकी और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने, देश-विरोधी गतिविधियों पर रोक लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


