HomePunjabपंजाब में बुजुर्ग दुकानदार पर जानलेवा हमला, सामान लेने जा रहे सोहन...

पंजाब में बुजुर्ग दुकानदार पर जानलेवा हमला, सामान लेने जा रहे सोहन सिंह को 5 बदमाशों ने घेरा; तेजधार हथियारों से लहूलुहान कर लूटे 25 हजार रुपए

लुधियाना:  लुधियाना में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बुजुर्ग दुकानदार को अपना निशाना बनाया है। ललतों कलां इलाके में घात लगाए बैठे 5 बदमाशों ने एक 65 वर्षीय बुजुर्ग किराना दुकानदार पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने बुजुर्ग को बुरी तरह लहूलुहान करने के बाद उनकी दुकान के सामान के लिए रखी करीब 25 हजार रुपए की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि हमलावरों में से दो लुटेरे पीड़ित के ही गांव के निकले, जिन्हें बुजुर्ग ने पहचान लिया है। थाना सदर की पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

यह वारदात 22 मई को उस समय हुई जब गांव मंसूरां के रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग सोहन सिंह अपनी किराने की दुकान के लिए सामान लेने निकले थे। पुलिस को दी गई शिकायत में सोहन सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी दुकान के लिए दूध और दही लेने के लिए लुधियाना के वेरका प्लांट जा रहे थे। चूंकि उन्हें दुकान की खरीदारी करनी थी, इसलिए उनके पास 20 से 25 हजार रुपए की नकदी भी मौजूद थी। जैसे ही वह मंसूरां से आगे बढ़कर ललतों कलां और झेड़ा गांव के बीच पहुंचे, वहां पहले से ही हथियारों के साथ छिपे बैठे पांच युवकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया और घेरते ही उन पर तेजधार हथियारों से हमला बोल दिया। बदमाशों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब में रखी करीब 25 हजार रुपए की नकदी जबरन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी पीड़ित को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से भाग निकले।

इस मामले में सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब पीड़ित सोहन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह हमलावरों में से दो युवकों को अच्छी तरह पहचानते हैं। वे दोनों कोई बाहरी नहीं, बल्कि उनके अपने ही गांव मंसूरां के रहने वाले हैं, जिनके नाम किंदर और जग्गी हैं। बाकी के तीन आरोपी अज्ञात हैं। जांच अधिकारी (IO) सतनाम सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर थाना सदर में आरोपी किंदर, जग्गी और तीन अज्ञातों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दावा किया है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम बरामद कर ली जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments