चंडीगढ़: पंजाब में सरकारी बसों (रोडवेज और PRTC) से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद जरूरी खबर है। अपनी मांगों को लेकर पंजाब रोडवेज, पनबस/P.R.T.C. कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने आगामी 3, 4 और 5 अगस्त को राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इस दौरान पूरे पंजाब में सरकारी बसों का चक्का जाम रहेगा, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यह फैसला लुधियाना में यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल की अध्यक्षता में आयोजित एक अहम बैठक के दौरान लिया गया।
सरकार पर चुनावी वादे तोड़ने और ‘धक्केशाही’ का आरोप
यूनियन के बड़े नेताओं—स्टेट जनरल सेक्रेटरी शमशेर सिंह ढिल्लों, जॉइंट सेक्रेटरी जोध सिंह, जलौर सिंह और मीत प्रधान जतिंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा:
-
अधूरे वादे: सत्ता में आने से पहले सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को पूरी तरह खत्म कर पूरी सैलरी देने का वादा किया था।
-
सिर्फ बैठकों का दौर: सरकार के 4 साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी इन वादों पर केवल मीटिंगें ही हो रही हैं, कोई ठोस जमीन तैयार नहीं की गई।
-
पॉलिसी का विरोध: कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि सरकार संविदा कर्मचारियों पर जबरन ‘स्पेशल कैडर पॉलिसी’ थोप रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आंदोलन की रूपरेखा: गेट रैली से लेकर मंत्रियों के घेराव तक
कर्मचारियों ने अपनी मांगों को मनवाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है:
-
27 जुलाई (गेट रैली): सरकार को जगाने के लिए पंजाब के सभी बस डिपो पर जोरदार ‘गेट रैली’ की जाएगी।
-
3, 4 और 5 अगस्त (पूर्ण हड़ताल): तीन दिनों तक सरकारी बसों का संचालन पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
-
मंत्रियों का घेराव: हड़ताल के दौरान कर्मचारी परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री के आवास के सामने बैठकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
यदि आप अगस्त के पहले हफ्ते (3 से 5 अगस्त) में पंजाब के भीतर या अंतरराज्यीय रूटों पर सरकारी बसों से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो अपने विकल्प पहले से सोचकर रखें। इन तीन दिनों में आपको बस अड्डों पर भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


