Entertainment News: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह के चर्चित गाने ‘सॉरी-सॉरी’ को लेकर कानूनी विवाद सामने आया है। म्यूजिक कंपनी वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स ने एंटरटेनमेंट कंपनी बनिजे एशिया के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा है। कंपनी का आरोप है कि उसके म्यूजिक राइट्स वाले इस गाने का इस्तेमाल बिना अनुमति के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के पहले सीजन में किया गया।
यह मामला शो के 16वें एपिसोड से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें कथित तौर पर पवन सिंह का ‘सॉरी-सॉरी’ गाना इस्तेमाल किया गया था। यह गाना साल 2016 में रिलीज हुई भोजपुरी फिल्म ‘भोजपुरिया राजा’ का है। फिल्म में पवन सिंह के साथ अभिनेत्री काजल राघवानी नजर आई थीं।
सात दिनों में जवाब देने को कहा
न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स ने आरोप लगाया है कि उसके पास जिन भोजपुरी गानों के म्यूजिक राइट्स हैं, उनका इस्तेमाल आवश्यक अनुमति या लाइसेंस के बिना किया गया। कंपनी की ओर से यह कानूनी नोटिस मशहूर लॉ फर्म आनंद एंड आनंद के माध्यम से भेजा गया है।
नोटिस में बनिजे एशिया को सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। कंपनी ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में वह कानूनी कार्रवाई का सहारा ले सकती है। इसमें गाने के इस्तेमाल पर रोक लगाने के साथ-साथ मुआवजे और हर्जाने की मांग समेत अन्य कानूनी उपाय शामिल हो सकते हैं।
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स से जुड़े सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित कानूनी कार्रवाई का आधार कथित कॉपीराइट और म्यूजिक राइट्स का उल्लंघन है।
बनिजे एशिया की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं
फिलहाल इस मामले में बनिजे एशिया की ओर से कोई आधिकारिक या सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि इसी मामले को लेकर कंपनी को इससे पहले 25 सितंबर 2025 को भी एक नोटिस जारी किया गया था।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि बनिजे एशिया इस कानूनी नोटिस पर क्या जवाब देती है और क्या दोनों कंपनियों के बीच यह विवाद आपसी सहमति से सुलझता है या मामला आगे कानूनी कार्रवाई तक पहुंचता है।


