ENTERTAINMENT DESK : तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जना नायकन’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म के कुछ हिस्सों के कथित तौर पर ऑनलाइन लीक होने की खबरों के बावजूद इसकी एडवांस बुकिंग पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। दर्शकों का उत्साह बरकरार है और टिकटों की बिक्री लगातार तेज़ी से हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑनलाइन पायरेसी की घटनाओं के बावजूद सिनेमाघरों में फिल्म देखने के लिए लोगों की दिलचस्पी कम नहीं हुई है। कई शहरों में शुरुआती शो के टिकट तेजी से बिक रहे हैं और थिएटर मालिकों को फिल्म से अच्छी कमाई की उम्मीद है।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों का मानना है कि विजय की लोकप्रियता और उनके विशाल प्रशंसक वर्ग की वजह से पायरेसी का असर सीमित रहा है। बड़ी संख्या में प्रशंसक बड़े पर्दे पर फिल्म देखने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे एडवांस बुकिंग लगातार मजबूत बनी हुई है। ‘जना नायकन’ विजय की बेहद चर्चित फिल्मों में से एक मानी जा रही है। अभिनेता के राजनीति में सक्रिय होने के बाद रिलीज होने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच खास उत्साह देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि रिलीज से पहले ही फिल्म ने व्यापक चर्चा बटोर ली है।
निर्माताओं और फिल्म उद्योग से जुड़े संगठनों ने दर्शकों से अपील की है कि वे फिल्म को केवल अधिकृत सिनेमाघरों और आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर ही देखें। उनका कहना है कि पायरेसी से फिल्म उद्योग को भारी आर्थिक नुकसान होता है और इससे हजारों लोगों की आजीविका भी प्रभावित होती है। फिल्म के रिलीज होने से पहले ही एडवांस बुकिंग के मजबूत आंकड़ों ने यह संकेत दे दिया है कि ‘जना नायकन’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत कर सकती है। अब सभी की नजरें फिल्म की रिलीज और उसके शुरुआती कलेक्शन पर टिकी हैं।


