HomeHaryanaफरीदाबाद में तीन छात्राएं अचानक हुईं लापता, पुलिस ने न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे...

फरीदाबाद में तीन छात्राएं अचानक हुईं लापता, पुलिस ने न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से किया बरामद

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में बीएससी अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही तीन छात्राओं के अचानक लापता होने से परिवारों में हड़कंप मच गया। तीनों छात्राएं कॉलेज से निकलने के बाद घर नहीं पहुंचीं और कुछ समय बाद उनके मोबाइल फोन भी बंद हो गए। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने तीनों छात्राओं के मोबाइल फोन की लोकेशन खंगालने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उनकी कॉल डिटेल की जांच की। इस दौरान एक ऐसे नंबर का पता चला, जिस पर मोबाइल फोन बंद होने से कुछ समय पहले बातचीत हुई थी।

पुलिस ने उस नंबर पर संपर्क किया तो यह एक युवक का निकला। पूछताछ में सामने आया कि तीनों छात्राएं दार्जिलिंग घूमने के लिए गई हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम तत्काल पश्चिम बंगाल के लिए रवाना कर दी गई।

दार्जिलिंग में नहीं मिलीं, नई जलपाईगुड़ी में मिली लोकेशन

पुलिस टीम दार्जिलिंग पहुंची, लेकिन वहां तीनों छात्राओं का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने एक बार फिर उनके मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। इस बार लोकेशन नई जलपाईगुड़ी में मिली।

पुलिस टीम बिना देर किए नई जलपाईगुड़ी पहुंची। वहां रेलवे स्टेशन पर तीनों छात्राएं मिल गईं। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया और पूछताछ शुरू की।

इंटरनेट से आया घूमने का आइडिया

पूछताछ में छात्राओं ने पुलिस को बताया कि उन्हें घूमने से जुड़ी वीडियो देखने का शौक है। इसी दौरान इंटरनेट पर दार्जिलिंग की खूबसूरत जगहों के वीडियो देखकर उनका वहां जाने का मन बना।

तीनों ने कथित तौर पर परिवार को बिना बताए दार्जिलिंग घूमने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने पहले से पैसे भी जमा करना शुरू कर दिए थे। योजना के तहत तीनों घर से निकलीं और दिल्ली पहुंचकर ट्रेन से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुईं।

पुलिस के अनुसार, यात्रा के दौरान तीनों ने रास्ते में बिरयानी भी खाई और फिर ट्रेन से आगे का सफर तय किया।

तीनों छात्राएं बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा

पुलिस के मुताबिक, तीनों छात्राओं की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष के बीच है और वे मेहता दयानंद कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। इनमें से एक छात्रा पलवल की रहने वाली है, जबकि दूसरी एसजीएम नगर और तीसरी पर्वतिया कॉलोनी क्षेत्र की निवासी बताई गई है।

तीनों छात्राओं के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस और उनके परिवारों ने राहत की सांस ली। पुलिस अब उनके बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments