HomePunjabबच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, लुधियाना में विशेष रेड के...

बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, लुधियाना में विशेष रेड के दौरान 4 बच्चे बचाए

लुधियाना: बच्चों की सुरक्षा, कल्याण और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जीवनजोत परियोजना के तहत लुधियाना शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में 5 और 6 सितंबर 2026 को विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरमीत सिंह के निर्देश पर की गई।

अभियान के दौरान लुधियाना रेलवे स्टेशन, घंटा घर, जालंधर बाईपास, विश्वनाथ चौक और जमालपुर चौक सहित कई क्षेत्रों में जांच की गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 4 बच्चों को रेस्क्यू किया। बचाए गए बच्चों को आगे की देखभाल और आवश्यक प्रक्रिया के लिए बाल कल्याण समिति, लुधियाना के समक्ष पेश किया गया। अधिकारियों के अनुसार, मामले में कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस विशेष अभियान का नेतृत्व जिला बाल संरक्षण अधिकारी रश्मि ने किया। टीम में सोनाक्षी राणे, ज्योति, कमलजीत कौर, शरद सूद, संदीप, मनप्रीत कौर, प्रभजोत कौर और राजिंदर सिंह शामिल रहे। चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से रितु सूद और जिला बाल संरक्षण इकाई के कर्मचारी भूपिंदर सिंह ने भी अभियान में भाग लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम का भी सहयोग लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू किए गए बच्चों की सुरक्षा, देखभाल और पुनर्वास को प्राथमिकता दी जा रही है। बच्चों के संबंध में निर्धारित कानूनी प्रावधानों, प्रोटोकॉल और बाल संरक्षण नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जीवनजोत परियोजना का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना, उनके अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें समय पर सहायता और आवश्यक सेवाएं मुहैया करवाना है।

जिला प्रशासन और संबंधित विभाग ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसे अभियान और जागरूकता कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments