जालंधर: बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज की घटना को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश गहराता जा रहा है। इस घटना के विरोध में जालंधर के वाल्मीकि समाज ने 27 जुलाई को राज्यव्यापी ‘पंजाब बंद’ का ऐलान किया है। समाज के प्रतिनिधियों ने इसे शांतिपूर्ण विरोध बताते हुए पंजाब के सभी वर्गों, व्यापारिक संगठनों और आम जनता से समर्थन की अपील की है।
वाल्मीकि समाज के नेताओं का कहना है कि सफाई कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई से पूरे समाज में भारी रोष है। आंदोलन को असरदार बनाने के लिए राज्य के अलग-अलग जिलों में प्रदर्शनों और धरनों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
शैक्षणिक संस्थानों और व्यापार बंद रखने की अपील
वाल्मीकि समाज की ओर से अपील की गई है कि सफाई कर्मचारियों के हक में एकजुटता दिखाने के लिए 27 जुलाई को स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रखे जाएं। इसके अलावा स्थानीय व्यापारियों और व्यावसायिक संस्थानों से भी अपने प्रतिष्ठान स्वतः बंद रखकर सहयोग देने का अनुरोध किया गया है।
प्रमुख प्रतिनिधि रहे मौजूद
पंजाब बंद की घोषणा के दौरान भवन वाल्मीकि आश्रम शक्ति नगर (जालंधर) के चेयरमैन विपन सभ्रवाल के साथ-साथ हैप्पी सोंधी, दीपक तेलु, राजीव गोरा, चेतन नाहर, गुलजार खोसला, हरीश महिमा, विक्की, अज्जु और ऋषि सोंधी सहित समाज के कई अन्य प्रमुख प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।


