Punjab Desk।। होशियारपुर के दसूहा के गांव पंडोरी राइंया में लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण परिवार के घर की एक-एक कर तीन कमरों की छतें गिर गईं। अब परिवार के छह सदस्य महज एक कमरे में रहने को मजबूर हैं, जिसकी छत भी बेहद कमजोर बताई जा रही है।
पीड़ित महिला सुरिंदर कौर ने बताया कि उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जबकि पति मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण घर की तीनों कमरों की छतें गिर गईं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
सुरिंदर कौर के मुताबिक, फिलहाल परिवार के सभी छह सदस्य एक ही कमरे में रहने को मजबूर हैं। इस कमरे की छत से भी लगातार पानी टपक रहा है और छत काफी कमजोर हो चुकी है। परिवार को डर है कि यह छत भी कभी भी गिर सकती है। ऐसे में रात के समय पूरा परिवार डर के साये में सोने को मजबूर है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पिछले साल प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत भी आवेदन किया था, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया। परिवार ने सरकार से जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास उपलब्ध करवाने की मांग की है।
परिवार ने केंद्र और पंजाब सरकार से गुहार लगाई है कि उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल मदद मुहैया करवाई जाए, ताकि उन्हें किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बचाया जा सके।


