HomeHaryanaफरीदाबाद में युवती को खौलता पानी डालकर झुलसाने का आरोप, कई दिनों...

फरीदाबाद में युवती को खौलता पानी डालकर झुलसाने का आरोप, कई दिनों तक कमरे में बंधक बनाने का दावा

Haryana Desk: गांव कुरेशीपुर में 23 वर्षीय युवती को खौलता पानी डालकर गंभीर रूप से झुलसाने और कई दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। पीड़िता प्रीति ने आरोप लगाया है कि उसकी मर्जी के खिलाफ उसे तीन लाख रुपये में एक बुजुर्ग व्यक्ति से शादी कराने की तैयारी की जा रही थी। विरोध करने पर उसके ऊपर खौलता पानी डाल दिया गया।

 

पीड़िता के मुताबिक, 16 अगस्त की सुबह करीब चार बजे जब वह सो रही थी, तभी उस पर खौलता पानी डाल दिया गया। इससे उसके सीने और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि घटना के बाद उसे कमरे में बंद कर दिया गया और इलाज के लिए बाहर नहीं जाने दिया गया। उसका मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया गया।

प्रीति के मौसा पंकज के अनुसार, प्रीति मूल रूप से बिहार के टिक्का टोला सहापुर की रहने वाली है। करीब दो साल पहले उसकी शादी कुरेशीपुर निवासी रोहित से हुई थी। करीब दो महीने पहले वह पति से अलग हो गई थी। इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाले धर्मेंद्र और ललिता के संपर्क में आई।

परिजनों का आरोप है कि धर्मेंद्र और ललिता ने प्रीति को बेटी की तरह रखने और उसकी शादी कराने का भरोसा देकर अपने साथ रखा था। वहीं, प्रीति का आरोप है कि बाद में उसे एक बुजुर्ग व्यक्ति से शादी कराने के लिए तीन लाख रुपये में सौदा करने की तैयारी की गई। इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई।

पंकज को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। 19 अगस्त को वह पुलिस टीम के साथ कुरेशीपुर स्थित मकान पर पहुंचे। दरवाजा नहीं खोले जाने पर पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर प्रीति को बाहर निकाला। इसके बाद उसे बीके अस्पताल ले जाया गया।

बीके अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, फिलहाल प्रीति का इलाज आईसीयू में चल रहा है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि युवती का इलाज दिल्ली के अस्पताल में चल रहा है। उसके बयान दर्ज करने के लिए पुलिस कर्मचारी दिल्ली जाएगा। पुलिस ने अभी तक युवती द्वारा लगाए गए तीन लाख रुपये में सौदे और टोने-टोटके से जुड़े आरोपों की पुष्टि नहीं की है। युवती के बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुनील चौधरी, फरीदाबाद

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments