HomeSportsभारत-पाकिस्तान की फिर हो सकती है टक्कर, ट्राई सीरीज को लेकर सामने...

भारत-पाकिस्तान की फिर हो सकती है टक्कर, ट्राई सीरीज को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से कोई द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं खेली गई है। दोनों टीमें अब आमतौर पर एशिया कप और वर्ल्ड कप जैसे बहुपक्षीय टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आती हैं। हालांकि, अब क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान को एक बार फिर एक ही टूर्नामेंट में शामिल करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भारत और पाकिस्तान की भागीदारी वाली किसी बहुपक्षीय सीरीज या टूर्नामेंट के प्रस्ताव पर चर्चा कर सकती है। यह ट्राई सीरीज के रूप में हो सकती है या फिर चार टीमों के टूर्नामेंट का आयोजन किया जा सकता है। हालांकि, अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

2012-13 में हुई थी आखिरी द्विपक्षीय सीरीज

भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज 2012-13 में खेली गई थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के चलते नियमित द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध आगे नहीं बढ़ सके। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) कई बार भारत के साथ न्यूट्रल वेन्यू पर द्विपक्षीय सीरीज खेलने की इच्छा जाहिर कर चुका है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) लगातार इसका विरोध करता रहा है।

ऐसे में अगर ट्राई सीरीज या चार टीमों के टूर्नामेंट का प्रस्ताव आगे बढ़ता है, तो यह दोनों देशों को एक ही प्रतियोगिता में खेलने का नया रास्ता खोल सकता है।

ICC सेमिनार में हो सकती है चर्चा

रिपोर्ट के मुताबिक, ICC का फ्यूचर्स टूर प्रोग्राम (FTP) से जुड़ा सेमिनार 22 और 23 सितंबर को प्रस्तावित है। इसमें ICC के फुल मेंबर देशों के साथ आठ एसोसिएट सदस्य भी हिस्सा लेंगे। इसी दौरान बहुपक्षीय सीरीज के संभावित प्रारूप पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस तरह की प्रतियोगिता से प्रसारण अधिकारों और कमर्शियल गतिविधियों के जरिए अच्छी कमाई हो सकती है। भारत-पाकिस्तान मुकाबले की लोकप्रियता को देखते हुए ब्रॉडकास्टर्स के लिए भी यह आकर्षक विकल्प साबित हो सकता है।

अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो मुकाबलों का आयोजन किसी न्यूट्रल वेन्यू, जैसे यूएई, ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड में किए जाने की संभावना हो सकती है।

पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज पर स्थिति साफ

भारत सरकार की ओर से पहले भी यह स्पष्ट किया जा चुका है कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को लेकर मौजूदा नीति में बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, भारत दोनों देशों के बीच बहुपक्षीय टूर्नामेंट में होने वाले मुकाबलों में हिस्सा लेता रहा है।

पाकिस्तान और बांग्लादेश की ओर से भारत के साथ ट्राई सीरीज आयोजित करने की मांग पहले भी सामने आती रही है। हालांकि, ICC ने पूर्व में कहा है कि किसी देश को किस टीम के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलनी है, यह संबंधित क्रिकेट बोर्ड का फैसला होता है।

ऐसे में यदि ट्राई सीरीज या चार देशों के टूर्नामेंट का कोई प्रस्ताव सामने आता है और सभी संबंधित बोर्ड इसकी सहमति देते हैं, तो भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत एक बार फिर देखने को मिल सकती है। फिलहाल फैंस की नजरें आगामी ICC बैठकों और इस प्रस्ताव को लेकर होने वाली संभावित चर्चा पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments