दुबई: महिला एशिया कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम का आत्मविश्वास और बढ़ गया है। मुकाबले के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि अभी टूर्नामेंट में दो मुकाबले बाकी हैं और टीम आगे भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की कोशिश करेगी।
दुबई में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसके बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। पाकिस्तान की पूरी टीम महज 55 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए।
इसके बाद भारतीय टीम ने बेहद आसानी से लक्ष्य का पीछा किया और महज 9 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। शानदार गेंदबाजी के लिए श्री चरणी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास
यह मुकाबला भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए भी बेहद खास रहा। उन्होंने बतौर कप्तान अपना 150वां टी20 मैच पूरा किया। इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली वह दुनिया की पहली क्रिकेटर बन गई हैं, जिसमें पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट शामिल हैं।
जीत के बाद क्या बोलीं हरमनप्रीत?
मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि यह जीत उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और गेंदबाजों ने अपनी योजनाओं को मैदान पर अच्छी तरह लागू किया।
कौर के मुताबिक, सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करने के साथ पिच की परिस्थितियों को समझना भी जीत की बड़ी वजह रही। उन्होंने बल्लेबाजों की भी तारीफ की और कहा कि कुछ अच्छी गेंदें मिलने के बावजूद टीम ने धैर्य बनाए रखा और मैच को जीत के साथ समाप्त किया।
भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि टीम के लिए अपने प्रदर्शन का स्तर ऊंचा बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में अभी दो मुकाबले बाकी हैं और उम्मीद है कि भारतीय टीम आगे भी इसी तरह अच्छा क्रिकेट खेलती रहेगी।
हरमनप्रीत ने अपने सफर और टीम के समर्थन को लेकर भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह इस समर्थन के लिए बेहद आभारी हैं और उम्मीद करती हैं कि उन्हें आगे भी इसी तरह साथ मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि क्रिकेट उनके जीवन का अहम हिस्सा है और खेल के बिना उनकी पहचान अधूरी है।
पाकिस्तान के खिलाफ मिली इस बड़ी जीत के बाद भारतीय महिला टीम का मनोबल काफी ऊंचा है। अब टीम की नजरें अगले मुकाबलों पर हैं, जहां वह इसी लय को बरकरार रखते हुए खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाना चाहेगी।


