HomePunjabमंजीत कौर हत्याकांड: फॉर्च्यूनर समेत रिंकू का साथी पिंदा गिरफ्तार, मुख्य आरोपी...

मंजीत कौर हत्याकांड: फॉर्च्यूनर समेत रिंकू का साथी पिंदा गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

चंडीगढ़। पंजाबी इंफ्लुएंसर मंजीत कौर के अपहरण के बाद हत्या के मामले में सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मुख्य आरोपित रिंकू के साथी परमिंदर सिंह उर्फ पिंदा (25) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे वारदात में इस्तेमाल की गई रिंकू की फॉर्च्यूनर कार समेत सेक्टर-48 की मोटर मार्केट से पकड़ा।

परमिंदर सिंह पंजाब के कपूरथला जिले के खानोवाल गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि खरड़ में उसका इमिग्रेशन का काम था, लेकिन घटना से कुछ दिन पहले वह रिंकू के साथ ड्राइवर के तौर पर काम करने लगा था। दोनों के बीच दोस्ती भी बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मंजीत कौर को सेक्टर-34 बुलाने और उसे वहां से अगवा करने के दौरान परमिंदर भी रिंकू के साथ मौजूद था।

पुलिस बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश करेगी और पूछताछ के लिए उसका रिमांड मांगेगी। वहीं, मुख्य आरोपित रिंकू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

फोन कर सेक्टर-34 बुलाने का आरोप

मंजीत कौर की मां कांता देवी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को रिंकू और पिंदा ने फोन करके सेक्टर-34 बुलाया था। आरोप है कि 3 और 4 जुलाई की दरम्यानी रात दोनों ने मंजीत कौर के साथ मारपीट की और उसे कार में अगवा कर मोरिंडा के जंगल क्षेत्र में ले गए।

पुलिस के मुताबिक, वहां मंजीत कौर को एक पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसी दौरान मंजीत कौर का एक परिचित वहां पहुंचा और कंबल की मदद से आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी मंजीत को उपचार के लिए मोरिंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

इसके बाद मंजीत कौर को मोहाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ दिनों तक उसका इलाज चला। बाद में उसे फिर पीजीआई रेफर किया गया। उपचार के दौरान मंजीत कौर की मौत हो गई।

अब परमिंदर सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर वारदात में उसकी भूमिका, घटना के पीछे की वजह और मुख्य आरोपित रिंकू से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास करेगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के बाद रिंकू कहां-कहां रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments