नई दिल्ली। अक्षय खन्ना की अपकमिंग फिल्म ‘महाकाली’ का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज हो गया है। ‘धुरंधर’ के बाद अब फैंस उन्हें असुरों के महागुरु शुक्राचार्य के किरदार में देखने के लिए उत्साहित हैं। करीब 2 मिनट 53 सेकेंड के इस टीजर में अक्षय खन्ना का दमदार और खौफनाक अंदाज देखने को मिला है।
‘हनु-मैन’ फेम निर्देशक प्रशांत वर्मा के सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली फिल्म ‘महाकाली’ में अक्षय खन्ना शुक्राचार्य की भूमिका निभा रहे हैं। टीजर की शुरुआत से ही उनका किरदार कहानी में एक अलग ही प्रभाव छोड़ता नजर आता है।
भगवान विष्णु पर लगाया असुरों को धोखा देने का आरोप
टीजर में शुक्राचार्य के रूप में अक्षय खन्ना भगवान विष्णु पर असुरों के साथ छल करने का आरोप लगाते दिखाई देते हैं। उनका किरदार मानव जाति के विनाश की चेतावनी भी देता है। वह दावा करते हैं कि अगले 14 दिनों में मानवता का अंत होगा और इसके बाद असुरों की विजय का उद्घोष सुनाई देगा।
अक्षय खन्ना के संवाद और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस पूरे टीजर में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उनका लुक और किरदार फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है।
आखिरी पलों में दिखा ‘महाकाली’ का रौद्र रूप
टीजर के ज्यादातर हिस्से में अक्षय खन्ना छाए हुए हैं, लेकिन आखिरी कुछ सेकेंड में भूमि शेट्टी की झलक कहानी को एक अलग दिशा देती है। उनका ‘महाकाली’ अवतार बेहद रौद्र और डरावना नजर आता है। उनकी छोटी-सी झलक ने फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
इस दिन रिलीज होगी ‘महाकाली’
टीजर जारी करने के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘महाकाली’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म को प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली बड़ी पेशकश के तौर पर देखा जा रहा है।


