रोहतक। हरियाणा में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ACB की टीम ने रोहतक में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग लाइसेंस की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने वाले हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी कर्मचारी फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के जोनल कार्यालय में बतौर डाटा एंट्री ऑपरेटर कार्यरत था।
15 हजार रुपये में तय हुआ था सौदा
ACB अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय विनय के रूप में हुई है। वह सेक्टर-3 स्थित पॉलीक्लिनिक परिसर में बने FDA के जोनल कार्यालय में तैनात था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने गांव में नया मेडिकल स्टोर खोलने के लिए 1 जुलाई को ड्रग लाइसेंस के लिए आवेदन दिया था। जब वह फाइल की स्थिति जानने कार्यालय पहुंचा, तो आरोपी विनय ने फाइल पास कराने और आगे बढ़ाने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
ACB ने बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़ा
रिश्वत देने के बजाय पीड़ित ने इसकी शिकायत तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया।
जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी विनय को रिश्वत की राशि सौंपी, घात लगाकर बैठी ACB की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ACB की आम जनता से अपील: “सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले अवैध रूप से पैसों की मांग करता है, तो नागरिक बिना डरे तुरंत ACB को सूचित करें। भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।”


