HomePunjabलुधियाना में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे फोटोग्राफर की गोली मारकर...

लुधियाना में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे फोटोग्राफर की गोली मारकर हत्या, रोडरेज के बाद हुआ खूनी खेल; दोस्त घायल

लुधियाना: रेखी सिनेमा चौक के पास सोमवार देर रात एक जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे 39 वर्षीय फोटोग्राफर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात में उसका एक दोस्त भी घायल हुआ है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गईमृतक की पहचान सलेम टाबरी के न्यू अशोक नगर निवासी रमिंदर सिंह के रूप में हुई है।

 

जानकारी के मुताबिक, रमिंदर अपने दोस्तों के साथ दोस्त सन्नी की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था। रात करीब 12 बजे पार्टी खत्म होने के बाद सभी दोस्त खाना खाने के लिए निकले। कुछ लोग कारों में और तीन दोस्त एक्टिवा पर जा रहे थे।

मामूली टक्कर के बाद हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि रास्ते में जेएमडी मॉल के पास एक्टिवा सवार दोस्तों की एक क्रेटा कार से टक्कर हो गई। क्रेटा में करीब तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

साथियों के मुताबिक, रमिंदर और उसके दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद सभी अपनी-अपनी गाड़ियों में बैठकर घर की ओर रवाना हो गए।

पीछे से आए हमलावरों ने की फायरिंग

आरोप है कि विवाद के कुछ देर बाद वही क्रेटा कार तेज रफ्तार से पीछे से आई। कार सवार युवकों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली रमिंदर की गर्दन में लगी, जबकि उसके साथ मौजूद संजू के हाथ में भी चोट आई।

साथियों ने गंभीर रूप से घायल रमिंदर को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही एसीपी सेंट्रल समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं।

पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में हमले में अवैध पिस्टल के इस्तेमाल की बात सामने आई है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

निशाना कोई और था, गोली रमिंदर को लगी

दोस्तों के अनुसार, शुरुआती विवाद में उनके एक साथी और दूसरे पक्ष के बीच हाथापाई हुई थी। कथित तौर पर हमलावर उसी युवक को निशाना बनाना चाहते थे। आरोप है कि रेखी सिनेमा चौक के पास उन्हें लगा कि वह युवक साइड में बैठा है और इसी दौरान फायरिंग कर दी गई।

हालांकि, गोली रमिंदर की गर्दन में लगी, जबकि गोली के छर्रे संजू के हाथ में लगे। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

परिवार को सुबह मिली मौत की खबर

रमिंदर फोटोग्राफी और वीडियो मिक्सिंग का काम करता था। वह शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार को रात में फोन कर बताया गया कि रमिंदर को गंभीर चोट लगी है और उसे डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिवार का आरोप है कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी बाद में मिली। मंगलवार सुबह उन्हें पता चला कि रमिंदर की गोली लगने से मौत हो चुकी है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- फिल्मी अंदाज में हुई फायरिंग

घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद शाह ने बताया कि वह रात में अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक ब्रीजा कार के पीछे तेज रफ्तार क्रेटा को आते देखा। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, कार सवारों ने दोनों तरफ से फायरिंग की, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

एडीसीपी ने बताया रोडरेज का मामला

एडीसीपी क्राइम रूपिंदर कौर भट्टी के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला रोडरेज से जुड़ा सामने आया है। पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपितों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

लुधियाना में हाल में हुईं कई फायरिंग की घटनाएं

लुधियाना में पिछले कुछ समय से गोलीबारी और हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले 7 अगस्त की रात स्वतंत्र नगर में 25 वर्षीय हरजिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं 31 जुलाई को फिरोजपुर रोड स्थित वेव मॉल के पास फायरिंग में दो लोग घायल हुए थे। 17 जुलाई को साउथ सिटी इलाके में एक घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी।

लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर शहर में कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस रेखी सिनेमा चौक गोलीकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments