Punjab News: पंजाब में मानसून और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का असर मंगलवार को साफ दिखाई दिया। राज्य के कई जिलों में भारी से लेकर मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश चंडीगढ़ में रिकॉर्ड की गई, जहां शाम 6:30 बजे तक 72.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। चंडीगढ़ में दोपहर करीब 3 बजे बारिश शुरू हुई, जो देर शाम तक जारी रही। इसके अलावा पठानकोट, एसबीएस नगर, लुधियाना, होशियारपुर, मोहाली और गुरदासपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में हुई ज्यादा बारिश
मंगलवार को शाम 6:30 बजे तक बारिश के आंकड़े इस प्रकार रहे:
- चंडीगढ़: 72.7 MM
- पठानकोट: 56.8 MM
- एसबीएस नगर: 48.6 MM
- लुधियाना: 37.9 MM
- होशियारपुर: 33.5 MM
- मोहाली: 18.7 MM
- गुरदासपुर: 9.8 MM
वहीं, पंजाब के कई अन्य जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा।
पंजाब में सामान्य से 36% कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में 1 जून से 18 जुलाई तक कुल 200.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 314.7 मिलीमीटर है। यानी राज्य में अब तक सामान्य से करीब 36 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
चंडीगढ़ की बात करें तो यहां अब तक 473.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 617 मिलीमीटर मानी जाती है।
बुधवार को भी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पंजाब के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, 20 अगस्त से मौसम में सुधार आने की संभावना है और 24 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां कम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 25 अगस्त से एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके बाद पंजाब के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने की उम्मीद है।


