चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध और आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बंबीहा गिरोह से जुड़े तीन कथित सदस्यों को मलेशिया से प्रत्यर्पित कर गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पंजाब और पड़ोसी राज्यों में कई गंभीर आपराधिक वारदातों में कथित तौर पर शामिल रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जस बेहबल, अजय सिंह और पवनीदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों बंबीहा गिरोह के सरगना लक्की पटियाल के करीबी सहयोगी बताए जा रहे हैं। पंजाब पुलिस की OFTEC टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया।
रंगदारी और टारगेट किलिंग के आरोप
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपियों पर रंगदारी वसूलने और टारगेट किलिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। इनमें अजय सिंह और पवनीदीप सिंह पर लुधियाना में हैंड ग्रेनेड ब्लास्ट की साजिश रचने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस लंबे समय से इन आरोपियों की तलाश कर रही थी। मलेशिया से प्रत्यर्पण के बाद हुई गिरफ्तारी को पंजाब पुलिस ने संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ अहम कार्रवाई बताया है।
‘दुनिया में कहीं भी छिपे हों, भगोड़ों को कानून के दायरे में लाएंगे’
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भगोड़े अपराधी दुनिया के किसी भी हिस्से में छिपे हों, उन्हें तलाशकर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
अमृतसर में आतंकी साजिश भी नाकाम
पुलिस ने इससे पहले अमृतसर ग्रामीण इलाके में एक पुलिस ठिकाने को निशाना बनाने की कथित आतंकी साजिश को भी नाकाम किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 690 ग्राम वजन का IED बरामद किया था।
इसके साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का डिब्बा भी मिला था। बरामद सामग्री को सुरक्षा मानकों के अनुसार कब्जे में लिया गया।
बम निरोधक दस्ते ने IED किया निष्क्रिय
बरामद IED को बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। मामले में संबंधित पुलिस थाने में विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।
पुलिस अब इस साजिश में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस आतंकी नेटवर्क और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान जारी रखेगी और राज्य में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


