Punjab News: अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने पंजाब के कथित गैंगस्टर मेजर सिंह को वांटेड घोषित किया है। FBI के मुताबिक, मेजर सिंह एक अंतरराष्ट्रीय संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा है और उसके संबंध पंजाब के गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क से बताए गए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, इस नेटवर्क की गतिविधियां अमेरिका के लॉस एंजिल्स सहित कई इलाकों तक फैली हुई हैं।
RICO एक्ट के तहत गंभीर आरोप
FBI के अनुसार, मेजर सिंह पर RICO (Racketeer Influenced and Corrupt Organizations) Act के तहत आपराधिक साजिश में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा उस पर बिना लाइसेंस हथियारों की खरीद-फरोख्त और नशीले पदार्थों की सप्लाई व बिक्री से जुड़ी कथित साजिश में शामिल होने के आरोप भी हैं।
मेजर सिंह के खिलाफ अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में मामला दर्ज है। FBI के मुताबिक, 25 जून 2026 को उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। फिलहाल अमेरिकी एजेंसी उसकी तलाश कर रही है।
जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क से जुड़ाव का दावा
FBI ने अपनी जानकारी में कहा है कि मेजर सिंह का संबंध पंजाब में सक्रिय रहे जग्गू भगवानपुरिया के संगठित आपराधिक नेटवर्क से है। जांच एजेंसी के अनुसार, इस नेटवर्क की गतिविधियां बाद में अमेरिका तक पहुंचीं।
नेटवर्क पर अवैध हथियारों के कारोबार, ड्रग्स तस्करी और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। FBI इन आरोपों की जांच कर रही है और मेजर सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
FBI ने जारी की पहचान संबंधी जानकारी
एजेंसी के मुताबिक, मेजर सिंह का जन्म 20 जुलाई 1997 को हुआ था और उसकी राष्ट्रीयता भारतीय है। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच और वजन लगभग 182 पाउंड बताया गया है। उसके बाल और आंखों का रंग काला बताया गया है।
FBI ने उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करते हुए लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें मेजर सिंह के ठिकाने या उसके बारे में कोई विश्वसनीय जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत अमेरिकी जांच एजेंसी को सूचित करें।


