गुरुग्राम। हरियाणा के सोहना में नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कबीर नगर निवासी 23 वर्षीय आमिर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 49 बोतल कफ सिरप और 520 प्रतिबंधित गोलियां बरामद करने का दावा किया है।
सूचना के आधार पर मकान में दबिश
पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को थाना शहर सोहना पुलिस को सूचना मिली थी कि आमिर अपने घर से नशीली दवाइयों की कथित तौर पर अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने नियमानुसार सर्च वारंट लिया और औषधि नियंत्रक अधिकारी की मौजूदगी में उसके मकान पर छापेमारी की।
पुलिस को देखकर सामान खेत में फेंका
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की। पुलिस को देखकर उसने घर की छत से एक प्लास्टिक का कट्टा पास के खेत में फेंक दिया। पुलिस टीम ने पीछा कर आरोपी को सोहना इलाके से पकड़ लिया। इसके बाद खेत में फेंके गए कट्टे को बरामद कर उसकी तलाशी ली गई।
पुलिस के मुताबिक कट्टे से 41 बोतल Onerex कफ सिरप, 8 बोतल Wenrex कफ सिरप और Alprawin की 520 गोलियां बरामद हुईं।
दिल्ली और जयपुर से दवाइयां लाने का दावा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कथित तौर पर दिल्ली और जयपुर से इन दवाइयों को लाकर सोहना क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस का कहना है कि बरामद दवाइयों में नियंत्रित पदार्थ शामिल हैं।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित अवैध नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और दवाइयों की सप्लाई कहां से होती थी।


