फरीदाबाद। स्क्रैप से भरी गाड़ी को छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आबकारी एवं कराधान अधिकारी (ETO) सुरेंद्र पूनिया और उनके चालक रामबाबू को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी सेक्टर-12 स्थित ईटीओ कार्यालय से हुई, जहां शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त ली जा रही थी।
शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि वह दिल्ली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित लक्की बाबा ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है। उसके जिम्मे कंपनी की गाड़ियों की देखरेख और उनके रूट पास कराने का काम है।
शिकायत के अनुसार, 10 अगस्त को ईटीओ सुरेंद्र पूनिया ने लखनऊ से फरीदाबाद आ रही ट्रांसपोर्ट कंपनी की स्क्रैप से भरी एक गाड़ी को पकड़ लिया था। गाड़ी को छोड़ने के बदले अधिकारी ने कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
मामले की शिकायत एसीबी तक पहुंची, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। शिकायतकर्ता जब रिश्वत की पहली किस्त देने के लिए सेक्टर-12 स्थित ईटीओ कार्यालय पहुंचा, तो एसीबी की टीम ने सुरेंद्र पूनिया और उसके चालक रामबाबू को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिश्वत की मांग और इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।


