चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में ‘आइडियाथॉन-2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को नवाचार और रचनात्मक सोच के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे शिक्षा, कृषि, रोजगार, डिजिटल सेवाओं और सुशासन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए नए और उपयोगी विचार प्रस्तुत कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आइडियाथॉन-2026’ युवाओं की प्रतिभा और उनकी अभिनव सोच को पहचान देने वाला एक प्रभावी मंच बनेगा। इस पहल के तहत जनहित से जुड़े उपयोगी सुझावों का मूल्यांकन कर उन्हें शासन व्यवस्था में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के विचारों और नवाचार को नीति निर्माण तथा प्रशासनिक सुधारों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि युवा केवल सुझाव देने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके अभिनव विचार प्रदेश के विकास और बेहतर सुशासन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘आइडियाथॉन-2026’ के माध्यम से युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा और उनके सुझाव विकसित हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने में अहम योगदान देंगे।


