HomeHaryanaहरियाणा में मानसून की रफ्तार धीमी, बढ़ी उमस-गर्मी; 6 जुलाई से फिर...

हरियाणा में मानसून की रफ्तार धीमी, बढ़ी उमस-गर्मी; 6 जुलाई से फिर सक्रिय होने के आसार

चंडीगढ़/हिसार। हरियाणा में मानसून की दस्तक के बाद शुरुआती दो दिनों की अच्छी बारिश के बाद अब इसका जोर कुछ कम पड़ गया है। शुक्रवार को मानसून की सक्रियता घटने से प्रदेश में उमस और गर्मी बढ़ गई। सिरसा को छोड़कर हरियाणा के लगभग सभी हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है, लेकिन बारिश की गति फिलहाल थमी हुई है।

सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज हुआ। उमस बढ़ने से लोगों को 40 डिग्री से ऊपर जैसी गर्मी का एहसास हुआ, हालांकि किसी भी जिले में पारा 40 डिग्री के पार नहीं गया।

तीसरे दिन महज 1.5 मिमी बारिश

मानसून के तीसरे दिन पूरे हरियाणा में औसतन सिर्फ 1.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से करीब 63 प्रतिशत कम है। वहीं 1 जून से 3 जुलाई के बीच प्रदेश में कुल 51.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 20 प्रतिशत कम है।

अंबाला रहा सबसे गर्म जिला

शुक्रवार को अंबाला प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री ज्यादा है।

6 जुलाई से मानसून फिर होगा सक्रिय

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और 6 जुलाई से दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। उनके अनुसार 6 से 8 जुलाई के बीच हरियाणा के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है।

उन्होंने बताया कि अगले 4-5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के हरियाणा, पंजाब, गुजरात और राजस्थान के बचे हुए इलाकों में आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। इससे आने वाले दिनों में प्रदेश में अच्छी बारिश की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments