HomeHaryanaहिसार में हैवानियत: पति ने प्रेस से वार कर ली शिक्षिका पत्नी...

हिसार में हैवानियत: पति ने प्रेस से वार कर ली शिक्षिका पत्नी की जान, दहेज और प्रॉपर्टी विवाद में उजाड़ा घर

Haryana Desk: हिसार के सेक्टर-13 में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति सौरभ ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी सोनिया के सिर और छाती पर प्रेस (इस्त्री) से हमला किया और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली। मृतका सोनिया एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी और उसकी शादी करीब 8 साल पहले सौरभ से हुई थी, जो टूर एंड ट्रैवल का काम करता है। इस दंपति की एक 6 साल की मासूम बेटी भी है, जिसके भविष्य की खातिर सोनिया पिछले काफी समय से ससुराल में हो रहे जुल्मों को सह रही थी।

इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब सोनिया का भाई बार-बार फोन करने के बावजूद संपर्क न होने पर चिंतित होकर उसके घर पहुँचा। वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए, सोनिया का शव जमीन पर पड़ा था और उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक की टीमें मौके पर पहुँचीं और साक्ष्य जुटाए। आरोपी पति वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।

परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के मामा ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही सोनिया को परेशान किया जा रहा था और करीब 3 महीने पहले भी उसकी जान लेने की कोशिश की गई थी, जिसे उस समय पंचायत के जरिए सुलझा लिया गया था। परिजनों का यह भी कहना है कि पति और उसके भाई के बीच चल रहे प्रॉपर्टी विवाद का गुस्सा भी अक्सर सोनिया पर ही उतारा जाता था। पुलिस ने इस मामले में पति, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। डीएसपी किशोरी लाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह और भी स्पष्ट हो पाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments