Punjab Desk: पंजाब के पटियाला जिले के पातड़ां से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ 20 वर्षीय उभरते कबड्डी खिलाड़ी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की पहचान गांव दुगाल कलां निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। उसका शव नरवाना रोड पर स्थित पातड़ां बस स्टैंड के सामने एक होटल के पीछे सुनसान जगह से मिला। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि खिलाड़ी की मौत नशे की ओवरडोज (Drug Overdose) के कारण हुई है, हालांकि मौत के असली कारणों की पुष्टि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
दो दिन से लापता था खिलाड़ी
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, गुरप्रीत सिंह दो दिन पहले अपने घर से रिश्तेदारों से मिलने की बात कहकर निकला था। जब वह देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। आखिरकार उसका शव बस स्टैंड के पास होटल के पीछे पड़ा मिला, जिससे इलाके और खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस को नशे की हालत में पड़े होने की मिली थी सूचना
मामले की जांच कर रहे अधिकारी जगदीश नैन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक होटल के पीछे सुनसान जगह पर एक युवक बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो युवक की मौत हो चुकी थी।
शुरुआत में शव की पहचान न होने के कारण उसे समाना के सिविल अस्पताल के शवगृह (Mortuary) में रखवाया गया था। बाद में जब घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, तो परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान गुरप्रीत के रूप में की।
फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए विसरा सैंपल
पुलिस ने अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मौत की सटीक वजह जानने के लिए फोरेंसिक जांच के लिए विसरा सैंपल सुरक्षित रख लिए गए हैं।
जांच अधिकारी का कहना है कि केमिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत का कारण ड्रग्स की ओवरडोज थी या कुछ और। फिलहाल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


