HomeViral News10वीं की छात्रा से बदसलूकी, तीन नाबालिग हिरासत में; वीडियो वायरल करने...

10वीं की छात्रा से बदसलूकी, तीन नाबालिग हिरासत में; वीडियो वायरल करने वालों पर भी कार्रवाई

Viral News:  बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ सड़क पर बदसलूकी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि छात्रा शनिवार को कोचिंग के बाद अपने एक क्लासमेट के साथ स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गई थी। वापस लौटते समय कुछ लड़कों ने दोनों को सड़क पर रोक लिया और छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया।

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अब तक तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि पीड़िता और उसका क्लासमेट दोनों नाबालिग हैं और जमुई शहर के रहने वाले हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि पीड़िता से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करना या उसकी पहचान उजागर करना कानूनन अपराध है।

120 सोशल मीडिया प्रोफाइल पर FIR

पीड़िता से जुड़े वीडियो को वायरल करने और उसकी पहचान सार्वजनिक करने के आरोप में पुलिस ने साइबर थाने में करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल के खिलाफ FIR दर्ज की है। एसपी ने सोमवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वीडियो को आगे शेयर या फॉरवर्ड न करें और न ही इसे सोशल मीडिया पर दोबारा पोस्ट करें। पुलिस के मुताबिक, वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई

घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में घटना को लेकर चिंता जताई और बिहार में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए। वहीं तेजप्रताप यादव ने घटना को शर्मनाक बताते हुए सरकार से जवाब मांगा और कार्रवाई नहीं होने पर अनशन की बात कही।

कांग्रेस ने भी जमुई की घटना के विरोध में बिहारभर में धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments