भिवानी: ‘खून का बदला खून’! बवानीखेड़ा में डबल मर्डर के दोषियों पर जानलेवा हमला, एक की मौत

Haryana

भिवानी: हरियाणा के बवानीखेड़ा कस्बे में बीती रात ‘हत्या के बदले हत्या’ का एक खौफनाक मामला सामने आया है। साल 2020 में हुए एक दोहरे हत्याकांड (डबल मर्डर) के दो दोषी, जो इन दिनों जमानत पर बाहर आए थे, उन पर पुरानी रंजिश के चलते घात लगाकर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में एक दोषी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।

अस्पताल के बाहर लाठी, डंडे और चाकुओं से हमला

पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, वार्ड नंबर 10 निवासी बलजीत और उसका साथी मोनू बवानीखेड़ा के एक अस्पताल में अपनी बीमार भाभी से मिलने आए थे। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाए बैठे 4-5 हमलावरों ने उन पर लाठी, डंडों, लोहे की रॉड और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों को तब तक पीटा गया जब तक वे खून से लथपथ होकर गिर नहीं गए। इस बर्बर हमले में बलजीत ने दम तोड़ दिया, जबकि मोनू की हालत नाजुक बनी हुई है।

2020 में होली के दिन किया था डबल मर्डर

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि मृतक बलजीत और घायल मोनू पर साल 2020 में होली के दिन दूसरे पक्ष के एक महिला और पुरुष की हत्या का आरोप था। इस मामले में दोनों को कोर्ट से 20-20 साल की सजा हो चुकी है और वे फिलहाल जेल से पैरोल (जमानत) पर बाहर आए थे। अब जिन लोगों पर इस हमले का आरोप है, वे 2020 के मर्डर केस के पीड़ितों के ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं।

परिजनों का आरोप- ‘सहमति के बाद भी हुआ हमला, पुलिस मूकदर्शक बनी रही’

मृतक के परिजनों (राहुल नामक युवक) का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद था, लेकिन बाद में आपसी सहमति (समझौता) हो गई थी। इसके बावजूद धोखा देकर यह हमला किया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वारदात के वक्त वहां मौजूद पुलिस और स्थानीय लोगों ने उनकी कोई मदद नहीं की, जिसके बाद वे खुद घायलों को भिवानी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे।

पुलिस जांच शुरू, हत्यारे जल्द होंगे गिरफ्तार

डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने पुरानी रंजिश और मर्डर के एंगल से मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें उनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *