ENTERTAINMENT DESK : रणबीर कपूर स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म के 34 मिनट लंबे फुटेज को ऑस्ट्रेलिया के क्लासिफिकेशन बोर्ड ने ‘M’ (Mature) रेटिंग दी है। इसका मतलब है कि यह फुटेज 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए अनुशंसित नहीं माना गया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह रेटिंग फिल्म के पूरे संस्करण के लिए नहीं, बल्कि उसके 34 मिनट के प्रीव्यू या फुटेज के लिए दी गई है। ऑस्ट्रेलियाई वर्गीकरण प्रणाली में ‘M’ रेटिंग का अर्थ है कि कंटेंट परिपक्व विषयों या गहन दृश्यों वाला हो सकता है, इसलिए कम उम्र के दर्शकों के लिए अभिभावकों की सलाह जरूरी मानी जाती है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, जबकि यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म को बड़े पैमाने पर वीएफएक्स और भव्य विजुअल्स के साथ तैयार किया जा रहा है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ऑस्ट्रेलिया में क्लासिफिकेशन प्रक्रिया के दौरान फिल्म के सीमित फुटेज का मूल्यांकन किया गया। हालांकि, अंतिम रिलीज़ से पहले फिल्म में बदलाव होने की स्थिति में रेटिंग भी बदली जा सकती है।फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह है। अब ऑस्ट्रेलिया में मिली इस रेटिंग के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई है। कई फैंस इसे फिल्म के गहरे और भव्य प्रस्तुतीकरण का संकेत मान रहे हैं। ‘रामायण’ की रिलीज़ का इंतजार देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के भारतीय दर्शक कर रहे हैं। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म भारतीय पौराणिक कथा को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक और सिनेमाई अनुभव के साथ बड़े पर्दे पर पेश करेगी।

