Viral News: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का आंदोलन सोमवार को पुलिस कार्रवाई के बावजूद जारी रहा। दिन में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के दौरान लाठीचार्ज में कई छात्र और पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर बना मंच भी क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि, इन घटनाओं के बावजूद देर शाम से छात्र फिर बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने लगे और पूरी रात धरना-प्रदर्शन जारी रखा।
पुलिस कार्रवाई में घायल हुए कई छात्रों को उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ले जाया गया। वहीं, कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें हटाने के लिए पुलिस ने लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया, जिससे कई छात्रों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इलाज के बाद कई छात्र दोबारा आंदोलन स्थल पर लौट आए और प्रदर्शन में शामिल हो गए।
छात्रों का यह भी आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान जंतर-मंतर पर बना मंच तोड़ दिया गया। हालांकि, प्रदर्शन स्थल खाली नहीं कराया जा सका और शाम ढलते ही वहां प्रदर्शनकारियों की संख्या लगातार बढ़ती गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने केरल भवन के पास बैरिकेड्स लगाकर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी, लेकिन रात करीब नौ बजे के बाद भी बड़ी संख्या में छात्र जंतर-मंतर पहुंचते रहे।
रात करीब दस बजे तेज बारिश ने भी प्रदर्शनकारियों की परीक्षा ली। बिजली गुल होने के कारण पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया, लेकिन छात्रों ने अपने मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर नारेबाजी जारी रखी। बारिश से भीगी जमीन पर बैठकर प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अडिग रहे। देर रात तक आंदोलन का जोश बरकरार रहा। इस दौरान अभिजीत दीपके समेत कई छात्र नेताओं और पदाधिकारियों ने पूरी रात जंतर-मंतर पर मौजूद रहकर प्रदर्शनकारियों का उत्साह बढ़ाया।


