सोनीपत: जिले के गोहाना उपमंडल स्थित कथूरा गांव में देर रात पुरानी रंजिश सुलझाने की कोशिश खूनी वारदात में बदल गई। फूल सिंह कबड्डी अकादमी के पास बातचीत के दौरान दो पक्षों में हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दूसरे पक्ष ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इस हमले में 20 वर्षीय युवक मोंटी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
समझौते की बातचीत के दौरान भड़की हिंसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मोंटी अपने साथियों के साथ पुराने मनमुटाव को खत्म करने और बातचीत के जरिए मामला सुलझाने पहुंचा था। हालांकि, बातचीत के दौरान ही दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया और दूसरे पक्ष ने अचानक धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में मोंटी और उसके दो साथी लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोंटी को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का इलाज जारी है।
ननिहाल आया हुआ था मोंटी
मृतक मोंटी (20) मूल रूप से रोहतक के गांव बोहर का रहने वाला था। वह इन दिनों कथूरा गांव में अपने ननिहाल आया हुआ था। नवयुवक की अचानक हुई मौत से परिवार और गांव में मातम छा गया है।
दो नामजद आरोपियों पर केस दर्ज, पुलिस की दबिश
घटना की सूचना मिलते ही बरोदा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या (धारा 302) और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश ही मुख्य वजह सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।


