स्टेट डेस्क, चंडीगढ़: हरियाणा में उमस और भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़े मानसून की रफ्तार एक बार फिर तेज होने वाली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार 14 अगस्त से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां दोबारा सक्रिय होंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से मुक्ति मिलेगी।
हिसार समेत कई जिलों में 35°C पहुंचा पारा, आज से छाएंगे बादल
बीते कुछ दिनों में बारिश न होने और कड़ी धूप खिलने के कारण हिसार सहित राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। बुधवार को हुई हल्की बूंदाबांदी से आंशिक राहत जरूर मिली, लेकिन उमस का असर बना रहा। मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार से ही आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
13 से 15 अगस्त तक झमाझम बारिश के आसार, सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने 14 अगस्त से राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। 13 से 15 अगस्त के बीच प्रदेश भर में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
किसानों के चेहरे खिले, जलभराव की भी चेतावनी
मानसून की इस दूसरी पारी से किसानों की बाछें खिल गई हैं। जिन क्षेत्रों में पिछले दिनों कम बारिश हुई थी, वहां यह बारिश धान व अन्य फसलों के लिए संजीवनी साबित होगी। हालांकि, मौसम विभाग ने तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव (Waterlogging) की स्थिति को लेकर अलर्ट किया है और लोगों को सावधानी बरतने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।


