कपूरथला। फगवाड़ा के नजदीक गांव नरोड़ में आधी रात एक महिला के बिना कपड़ों के घूमने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, महिला को गांव में अलग-अलग स्थानों पर देखा गया। वह कुछ घरों के बाहर जाती और वहां सो रहे लोगों की चारपाइयों के पास बैठती नजर आई। महिला की गतिविधियां गांव में लगे CCTV कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
पानी की टंकी और श्मशान घाट के पास दिखी महिला
ग्रामीणों के मुताबिक, बीते गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे महिला को पानी की टंकी और श्मशान घाट के आसपास देखा गया। गांव के निवासी बेलाराम ने महिला से बातचीत करने और उसकी स्थिति का कारण जानने की कोशिश की।
बताया गया कि महिला ने कथित तौर पर कहा कि वह नहा रही थी और इसी दौरान कोई उसके कपड़े लेकर चला गया। ग्रामीणों ने उसे पहनने के लिए कपड़े देने की कोशिश की, लेकिन उसने उन्हें लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला गुज्जरों के डेरे की तरफ चली गई।
बेलाराम ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी गांव की सरपंच को फोन पर देने का प्रयास किया, लेकिन उस समय फोन नहीं उठ सका। सुबह उन्होंने गांव के अन्य लोगों को भी घटना के बारे में बताया। कुछ समय तक अलग-अलग जगहों पर नजर आने के बाद महिला अचानक दिखाई देना बंद हो गई।
हवेली के आसपास भी देखी गई
ग्रामीण रहमत अली के अनुसार, रात करीब 12 बजे महिला उनकी हवेली के आसपास भी घूमती नजर आई। उन्होंने भी महिला को कपड़े देने की कोशिश की, लेकिन उसने कपड़े लेने से इनकार कर दिया। बताया गया कि महिला उस समय कुछ शोर कर रही थी और थोड़ी देर बाद वहां से चली गई।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी गतिविधि
महिला के गांव में घूमने की कुछ तस्वीरें CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में वह अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दे रही है। कहीं वह हवेली के पास पेड़ की आड़ में नजर आती है तो कहीं खेतों और अन्य जगहों के आसपास घूमती दिख रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, अभी महिला की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। वह रात के समय गांव में इस स्थिति में क्यों घूम रही थी और उसके कपड़े कहां गए, इसे लेकर भी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।
सरपंच ने लोगों से सतर्क रहने को कहा
गांव की सरपंच राजकमल कौर ने कहा कि महिला के इरादों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने की अपील की है।
सरपंच के मुताबिक, महिला कौन थी और वह गांव में इस तरह क्यों घूम रही थी, इन सवालों का जवाब अभी नहीं मिल पाया है। घटना के बाद महिला दोबारा दिखाई नहीं दी, लेकिन मामले को लेकर गांव में चर्चा और चिंता बनी हुई है।


